50 घंटे से टंकी पर प्रोटेस्ट: हंगामे के बाद देर रात नर्सिंग अभ्यर्थियों को मनाने पहुंचीं डीजी हेल्थ, ज्योति रौतेला का अनशन जारी

उत्तराखंड की डीजी हेल्थ डॉ. सुनीता टम्टा की बेरोजगार नर्सिंग कैंडिडेट्स को मनाने की कोशिश नाकाम रही.![]()
देहरादून: नर्सिंग एकता मंच से जुड़े सदस्यों की ओर से वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर चलाया जा रहा आंदोलन उस समय उग्र हो गया, जब मंगलवार सुबह 5 बजे से परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ी महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया. उनके उठाए गए इस कदम के बाद पानी की टंकी के समीप धरना दे रहे नर्सिंग अभ्यर्थी सरकार के खिलाफ आक्रोशित हो गए और उन्होंने परेड ग्राउंड से बाहर निकलकर सड़क जाम करते हुए जमकर नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया. नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले 26 दिनों से आमरण अनशन पर हैं.
बता दें कि, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला पिछले 50 घंटों से नर्सिंग अभ्यर्थियों के समर्थन में पानी की टंकी पर चढ़ीं हुई हैं. ज्योति रौतेला का कहना है कि उन्होंने सोमवार सुबह 5 बजे से खाना-पीना ग्रहण नहीं किया है. इस दौरान टंकी पर चढ़ी ज्योति रौतेला के पेट्रोल छिड़के जाने की जानकारी मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसपी सिटी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही गुस्साए नर्सिंग अभ्यर्थियों ने दून क्लब के सामने की सड़क को जाम कर दिया. इस बीच वहां तनाव की स्थिति बनी रही. नर्सिंग अभ्यर्थियों ने रात करीब साढ़े दस बजे तक सड़क को घेरकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया.
मामले को संभालने के लिए राज्य सरकार की तरफ से उत्तराखंड की डीजी हेल्थ डॉक्टर सुनीता टम्टा अपने सहयोगी अधिकारियों के साथ धरना स्थल पर पहुंचीं. जहां उन्होंने जिला प्रशासन की मौजूदगी में नर्सिंग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडीर और अन्य सदस्यों के साथ वार्ता की, लेकिन वार्ता बेनतीजा निकली.
मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडिर का कहना है कि,
डीजी हेल्थ ने उनकी मांगों को सकारात्मक बताया है. डीजी हेल्थ ने आश्वस्त किया है कि उनकी मांगों से संबंधित एक प्रस्ताव स्वास्थ्य मंत्री को प्रेषित किया जाएगा.
उधर, टंकी में चढ़े उनके साथियों ने भी बुधवार 13 मई तक टंकी से नहीं उतरने का ऐलान किया है. सभी साथियों का यही कहना है कि अगर उनके पक्ष में कोई फैसला आता है तो ठीक है, वरना आंदोलन को और धार दिए जाने की रणनीति पर काम किया जाएगा.
फिलहाल देर रात पुलिस ने सुरक्षा कारणों से नर्सिंग एकता मंच से जुड़ी प्रदर्शनकारी महिलाओं और अन्य संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों को सड़क से उठा दिया गया. लेकिन रात भर परेड ग्राउंड परिसर में पानी की टंकी के पास नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना जारी रहा.

