अपराधउत्तराखंडखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरेंन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

पहले पत्नी को बेरहमी से पीटा, फिर दे दिया तीन तलाक, पति समेत 3 पर मुकदमा दर्ज

खबर को सुने

हरिद्वार के लक्सर में एक महिला ने पति पर मारपीट कर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है.

लक्सर: हरिद्वार जनपद के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रणसूरा गांव की एक महिला ने अपने पति और उसके दो साथियों पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज करने व जबरन तीन तलाक देने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. वहीं पीड़ित महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है.

गौर हो कि देश में तीन तलाक पर कानून बनने के बाद भी कई लोगों में इसका डर नहीं है. कई शौहर अपनी पत्नी को तीन तलाक देकर घर से निकालने के मामले सामने आ रहे हैं. कुछ ऐसा ही एक मामला हरिद्वार के लक्सर से भी सामने आया है. यहां एक विवाहिता ने पति व अन्य पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. साथ ही पति पर जबरन तीन तलाक देने का आरोप लगाया है.

पुलिस के अनुसार रणसूरा निवासी एक महिला ने शिकायत में बताया कि उसका निकाह 15 मार्च 2023 को मंगलौर क्षेत्र के बिजौली गांव निवासी युवक के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी. महिला का आरोप है कि निकाह के बाद से ही उसे कम दहेज लाने को लेकर प्रताड़ित किया जाता था. पीड़िता ने बताया कि 3 अक्टूबर 2025 को उसने एक पुत्र को जन्म दिया था, लेकिन जन्म के कुछ दिनों बाद 10 अक्टूबर को उसकी मृत्यु हो गई. इसके बाद से वह 18 अक्टूबर 2025 से अपने मायके में रह रही है.

महिला के अनुसार शाम करीब पांच बजे उसका पति और दो अन्य उसके घर पहुंचे. आरोप है कि तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर पति ने टूटी हुई कांच की बोतल से हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने कान और गर्दन पर चोटें आईं. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद मामला शांत हुआ. पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान साथ आए दो लोगों के उकसाने पर उसके पति ने उसकी इच्छा के विरुद्ध उसे तीन तलाक दे दिया.

कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Back to top button