अपराधखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरेंन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

हॉरर किलिंग से दहला अलीगढ़, प्रेम प्रसंग से नाराज परिजनों ने बेटी को मारकर रातों-रात खेत में जलाया, हिरासत में 5 लोग

खबर को सुने

आधी रात को खेत में जलती चिता और प्रेमी का फोन, ऐसे बेनकाब हुआ हॉरर किलिंग का खौफनाक सच!

अलीगढ़: जिले के गोंडा थाना क्षेत्र के गांव बसौली में कथित हॉरर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि प्रेम संबंध से नाराज परिजनों ने अपनी ही 20 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी और गांव में किसी को भनक लगने से पहले रातों-रात खेत में शव का अंतिम संस्कार कर दिया.

प्रेम प्रसंग में ली जान: पुलिस के मुताबिक बसौली निवासी 20 वर्षीय हिमांशी इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद शहर के एक कॉलेज से एलएलबी की पढ़ाई कर रही थी. इसी दौरान गोंडा कस्बे के दवा व्यापारी उमेश वार्ष्णेय के बेटे हर्षित वार्ष्णेय से उसकी करीब एक वर्ष पहले दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे.

प्रेमी ने खोला राज: घटना का खुलासा तब हुआ, जब युवती के प्रेमी ने शुक्रवार को पुलिस को सूचना दी. आरोप है कि परिवार को प्रेम संबंध की जानकारी होने के बाद हिमांशी पर लगातार दबाव बनाया जाने लगा. उसे डांटा-फटकारा गया और कई बार मारपीट भी की गई. हर्षित का आरोप है कि परिजन हिमांशी को उसके साथ किसी भी तरह का संपर्क रखने से रोकते थे. गुरुवार रात परिवार में इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसी दौरान हिमांशी की हत्या कर दी गई. इसके बाद परिजनों ने बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के शव को गांव के बाहर अपने खेत में ले जाकर जला दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके.

पहले भी करते थे प्रताड़ित: प्रेमी हर्षित ने पुलिस को बताया कि यह पहला मौका नहीं था, जब हिमांशी को प्रताड़ित किया गया था. उसके अनुसार 15 मार्च को भी परिवार के उत्पीड़न से परेशान होकर हिमांशी उसके गोंडा स्थित मेडिकल स्टोर पर पहुंची थी. उसने बताया था कि घर में उसके साथ मारपीट की गई है. कुछ ही देर बाद उसके परिवार के दो युवक दुकान पर पहुंचे और सरेआम हिमांशी के साथ मारपीट करने लगे. यह पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी.

लड़की ने जताई थी हत्या की आशंका: सरेआम विवाद का मामला उस समय मामला गोंडा थाने तक पहुंचा था. पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर गई थी. हर्षित के अनुसार, थाने में भी हिमांशी ने साफ कहा था कि यदि उसे दोबारा घर भेजा गया तो उसके परिजन उसकी हत्या कर देंगे. हालांकि मामला पारिवारिक होने के कारण पुलिस ने समझौते का प्रयास किया और युवती को उसके परिजनों की सुपुर्दगी में भेज दिया. परिजनों ने लिखित आश्वासन दिया था कि वे उसकी सुरक्षा करेंगे और भविष्य में दोनों की शादी कराने पर भी विचार करेंगे.

थाने में युवती के परिजनों ने भरोसा दिलाया था कि वे जल्द ही दोनों का विवाह करा देंगे, लेकिन घर लौटने के बाद परिवार ने रिश्ते का विरोध और तेज कर दिया. बताया गया कि हिमांशी अपने फैसले पर अड़ी रही और हर्षित से शादी करने की बात कहती रही. अंततः गुरुवार रात कथित रूप से युवती की हत्या कर दी गई.- उमेश वार्ष्णेय, हर्षित के पिता

पुलिस मामले की जांच में जुटी: शिकायत मिलने के बाद पुलिस एक्शन मोड में है. फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, खेत से राख के नमूने एकत्र किए और जांच के बाद हत्या की पुष्टि होने पर मुकदमा दर्ज कर लिया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मनीष कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी इगलास कमलेश कुमार और थाना पुलिस मौके पर पहुंची.

गोंडा कस्बे के निवासी हर्षित ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि हिमांशी की हत्या कर उसके शव को जला दिया गया है. पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और जांच के दौरान घटना की पुष्टि हुई. इसके बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले में युवती के दो भाइयों, दो मामाओं और उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.- नीरज जादौन

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Back to top button