NationalNewsbeatआपका शहरउत्तराखंडखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

लालकृष्ण आडवाणी अस्पताल में भर्ती, सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद इलाज जारी

खबर को सुने

डॉक्टरों का कहना है कि बढ़ती उम्र और सीने में संक्रमण को ध्यान में रखते हुए जरूरी टेस्ट और मेडिकल मॉनिटरिंग की जा रही है.

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण (चेस्ट इंफेक्शन) की शिकायत के बाद शुक्रवार शाम नई दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है और उन्हें चिकित्सकों की एक विशेष टीम की देखरेख में रखा गया है.

98 वर्षीय वरिष्ठ आडवाणी को शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया. शुरुआती जांच के बाद उन्हें अस्पताल के पल्मोनोलॉजी विभाग में भर्ती किया गया है. डॉक्टरों का कहना है कि बढ़ती उम्र और सीने में संक्रमण को ध्यान में रखते हुए जरूरी टेस्ट और मेडिकल मॉनिटरिंग की जा रही है. अपोलो अस्पताल के मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक, चिंता की कोई बात नहीं है.

भारतीय राजनीति के पितामह कहे जाने वाले लालकृष्ण आडवाणी लंबे समय से बढ़ती उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं. इससे पहले भी उन्हें नियमित जांच और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है. उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद नेताओं और शुभचिंतकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

ये भी पढ़ें: लालकृष्ण आडवाणी को मिला ‘भारत रत्न’, राष्ट्रपति ने घर जाकर किया सम्मानित

लालकृष्ण आडवाणी भारतीय राजनीति के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी के सह-संस्थापक और पूर्व अध्यक्ष के रूप में उन्होंने पार्टी के विस्तार में ऐतिहासिक भूमिका निभाई. वह 1998 से 2004 तक देश के गृह मंत्री और 2002 से 2004 तक अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में उपप्रधानमंत्री रहे. भारतीय राजनीति में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से भी सम्मानित किया है.

Related Articles

Back to top button