NaitionalNewsbeatआपका शहरउत्तराखंडखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा, पुलिया से नीचे गिरी ट्रैवलर, 8 की मौत, सभी MP से जा रहे थे खाटू श्याम

खबर को सुने

कोटा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह चालक को झपकी आने से ट्रैवलर पुलिया में गिर गई.

कोटा : राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ यात्रियों की जान चली गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए. हादसा सीमलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब मध्य प्रदेश से जयपुर जा रही एक ट्रैवलर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 20 फीट नीचे बरसाती नाले में जा गिरी.

सीमलिया थाना अधिकारी नंद सिंह ने बताया कि ट्रैवलर ने कराड़िया टोल प्लाजा पार किया था और सुल्तानपुर की ओर बढ़ रही थी. उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैवलर के चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई. स्पीड अधिक होने के कारण वाहन से नियंत्रण पूरी तरह छूट गया. सड़क पर लगे मजबूत डिवाइडर को तोड़ते हुए पुलिया के बीच से सीधे नीचे नाले में जा गिरी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और भीतर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई.

इस सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 15 से ज्यादा लोग घायल है. इनमें कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और इन लोगों को 20 फ़ीट नीचे नाले से बाहर निकल गया है. जहां से घायलों को एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल और एमबीएस हॉस्पिटल ले जाया गया है.

संभागीय आयुक्त और आईजी पहुंचे अस्पताल : दुर्घटना के संबंध में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी जानकारी ली है. प्रशासन को तत्काल मरीजों को उचित और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. दुर्घटना के तत्काल बाद कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हरेंद्र महावर और कार्यवाहक संभाग्य आयुक्त व कोटा जिला कलेक्टर पियूष समारिया तत्काल एमबीएस अस्पताल पहुंचे. कलेक्टर का कहना है कि दुर्घटना के तत्काल बाद अस्पतालों को अलर्ट मोड पर कर दिया गया था. गंभीर घायल मरीजों को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है.

दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है. एक मृतक का शव एमबीएस अस्पताल में है, जबकि सात शव मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में हैं. उन्होंने बताया कि हादसे में 17 लोग घायल हैं. इस ट्रैवलर में करीब 25 लोग सवार थे. उन्होंने कहा कि पूरी तरह से डॉक्टर की टीम अलर्ट पर चल रही है. एमबीएस अस्पताल पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण राम कल्याण मीणा ने बताया इस टूर को ले जा रहे व्यक्ति के भी चोट लगी है. यह सभी लोग भोपाल और बैतूल के आसपास के हैं.

​रेस्क्यू ऑपरेशन और राहत कार्य : हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़े. सूचना मिलते ही सीमलिया थाना पुलिस, एनएचएआई (NHAI) की रेस्क्यू टीम और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं. ट्रैवलर 20 फीट गहरे नाले में फंसी हुई थी, जिससे यात्रियों को बाहर निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिसकर्मियों और बचाव दल ने एक-एक कर यात्रियों को नाले से सुरक्षित ऊपर निकाला.

सुल्तानपुर के ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं अधिकारी डॉ. राजेश सामर के अनुसार सूचना मिलते ही उन्होंने ब्लॉक की चार एंबुलेंस को तत्काल मौके पर भेज दिया था. उन्होंने बताया कि हादसे में 8 मरीजों की मौत हो गई है. इन मरीजों को पहले उपचार के लिए तत्काल कोटा रेफर किया गया है. दुर्घटना होते ही मौके पर चीख पुकार गूंज गई. अधिकांश लोग सो रहे थे. इस में करीब 20 के आसपास लोग सवार थे. ट्रैवलर ऊपर से गिरने के बाद तेज गति में नाले की दीवार से भी टकरा गई थी और वहां जाकर अटक गई. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया ने तत्काल क्रेन मंगाकर गाड़ी को नाले से बाहर निकाला है.

​अस्पताल में मची अफरातफरी : हादसे में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि 4 गंभीर घायलों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. घायलों में से कई की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल और एमबीएस (MBS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बैतूल से जा रहे थे खाटू श्याम : ट्रैवलर में सवार अधिकांश लोग मध्य प्रदेश के बैतूल निवासी हैं. यह लोग बैतूल से ही शुक्रवार रात को सीकर के रींगस स्थित खाटू श्याम जी जाने के लिए निकले थे. दुर्घटना के तत्काल बाद कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर भी घटना स्थल पर पहुंच गए. पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना की जानकारी ली.

इन 8 लोगों की हुई है मौत : मरने वाले आठ लोगों में वैष्णवी, तृषा, अरुणा, कृष्णा, अनीता, ओम सूर्यवंशी और ड्राइवर अज्ञात है. इनके शव को मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में रखा गया है, जबकि एक रानू बोड़वे की मौत एमबीएस में हो गई है. रानू मध्य प्रदेश के भोपाल के राजीव नगर निवासी है. घायलों में हेमलता गायकवाड, अजय, वंशिका मोनिशा, चित्रेश और सारांश शामिल हैं. इनका उपचार मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में चल रहा है, जबकि एमबीएस में चेतन, क्रिश्वी, वैदेही, नीलू गुडके, संतोष वर्षा और कमलेश हैं. मृतक और घायल सभी लोग आपस में रिश्तेदार और पारिवारिक दोस्त हैं.

वहीं, इस हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भोपाल से खाटूश्यामजी जा रही मिनी बस के कोटा जिले के सिमलिया थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है. इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करें तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.

Related Articles

Back to top button