NaitionalNewsbeatआपका शहरउत्तराखंडखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

पौड़ी से दिखा हिमालय का 360° पैनोरमिक व्यू, भूल जाएंगे दार्जिलिंग, गंगटोक और मनाली

खबर को सुने

Visit to beautiful Pauri पौड़ी से चौखंबा, नंदादेवी, त्रिशूल, बंदरपूंछ, नीलकंठ, केदारनाथ, स्वर्गरोहिणी, सतोपंथ, घोरी पर्वत और हाथी पर्वत जैसी प्रमुख चोटियां दिख रही हैं

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड को प्रकृति ने इतना सुंदर सजाया है, कि देखकर आप वाह-वाह कह उठेंगे. अभी तक आपने नैनीताल और मसूरी जैसे हिल स्टेशन देखे होंगे. आज हम आपको उत्तराखंड का ऐसा हिल स्टेशन दिखाते हैं, जहां से चारों तरफ की वादियों और हिमालयी चोटियों का बेहद खूबसूरत 360-डिग्री पैनोरमिक व्यू दिखाई देता है. हम उत्तराखंड के पौड़ी की बात कर रहे हैं. यहां से हिमालय का नजारा देख आप दार्जिलिंग, गंगटोक, मनाली, शिमला और मसूरी को भूल जाएंगे.

पौड़ी से कीजिए हिमालय के भव्य दर्शन: उत्तराखंड में बीते दो दिनों से हो रही बारिश के बाद हिमालय की ऊंची पर्वत चोटियां बर्फ की सफद चादर से ढक गई हैं. चारधाम क्षेत्र में भी बर्फबारी होने से पहाड़ों का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है. बर्फबारी की खबरों और हिमालय के बदले इस मनमोहक स्वरूप से जहां चारधाम आने वाले श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी देखने को मिल रही है. वहीं मौसम में आए इस बदलाव ने प्रदेश के पर्यटन स्थलों की खूबसूरती में भी चार चांद लगा दिए हैं.

दो दिन बाद रुकी बारिश खूबसूरत हुआ नजारा: पौड़ी जनपद की बात करें तो यहां दो दिन तक बारिश का सिलसिला जारी रहा. बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड का अहसास भी बढ़ गया है. हालांकि बारिश के बाद मौसम साफ होने और बादलों की आवाजाही के बीच हिमालय की पर्वत श्रृंखलाएं बेहद आकर्षक नजर आने लगी हैं. बादलों के आगोश में लिपटे ऊंचे पहाड़ और उनके पीछे बर्फ से ढकी चोटियों का नजारा प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए किसी खूबसूरत तस्वीर से कम नहीं है.

पौड़ी से साफ दिख रही है हिमालय पर्वत श्रृंखला: खास बात यह है कि पौड़ी शहर से हिमालय की एक लंबी और विशाल पर्वत श्रृंखला का मनोरम दृश्य दिखाई देता है. मौसम अनुकूल होने पर यहां से हिमालय की कई प्रसिद्ध बर्फीली चोटियों के दीदार किए जा सकते हैं. इनमें चौखंबा, नंदा देवी, त्रिशूल, बंदरपूंछ, नीलकंठ, केदारनाथ, स्वर्गरोहिणी, सतोपंथ, घोरी पर्वत और हाथी पर्वत जैसी प्रमुख चोटियां शामिल हैं. सर्दियों की शुरुआत के साथ इन चोटियों पर जमी बर्फ पौड़ी के प्राकृतिक सौंदर्य को और भी खास बना देती है.

पौड़ी से देखिए हिमालय का 360 डिग्री पैनोरमिक व्यू: पौड़ी शहर से हिमालय का 360 डिग्री पैनोरमिक व्यू दिखाई देता है. पौड़ी समुद्र तल से लगभग 1,814 मीटर और कहीं इससे भी ऊंचाई पर बसा है. इसके चलते यहां से बिना किसी बाधा के हिमालय की बर्फ से ढकी विशाल पर्वत श्रृंखलाएं साफ नजर आती हैं.

शानदार है पौड़ी का मौसम: पौड़ी गढ़वाल में इस समय पर्यटन के लिए शानदार मौसम है. यहां का अधिकतम तापमान 16° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11° सेल्सियस है.

ऐसे पहुंचें पौड़ी: पौड़ी पहुंचने के लिए हवाई, रेल और सड़क तीनों रास्ते हैं. पौड़ी का सबसे निकटतम हवाई अड्डा देहरादून का जौलीग्रांट एयरपोर्ट है. ये पौड़ी से लगभग 155 किमी दूर है. हवाई अड्डे से आप टैक्सी या बस के माध्यम से पौड़ी पहुंच सकते हैं.

ट्रेन से यात्रा करने वालों के लिए सबसे नजदीकी कोटद्वार है. यहां से पौड़ी लगभग 110 किमी दूर है. हरिद्वार और ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर उतरकर भी बस और टैक्सी से पौड़ी पहुंचा जा सकता है.

पौड़ी प्रमुख शहरों जैसे देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, कोटद्वार और दिल्ली से राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा हुआ है. उत्तराखंड रोडवेज, जीएमओयूली की बसों, टैक्सी, शेयरिंग टैक्सी और निजी वाहन से भी पौड़ी पहुंचा जा सकता है.

Related Articles

Back to top button