उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, गंगोत्री हाईवे पर गंगनानी के पास नदी में गिरी इनोवा, 4 लोगों की दर्दनाक मौत

Innova accident Gangotri National Highway गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप एक इनोवा वाहन हादसे का शिकार हो गया.
उत्तरकाशी (उत्तराखंड): उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास बृहस्पतिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए नदी में जा समाई. हादसे में चार लोगों की मौत होने की सूचना है. चारों के शव नदी किनारे से बरामद कर लिए गए हैं. वहीं, वाहन में सवार अन्य लोगों के नदी में लापता होने की आशंका के चलते उनकी तलाश में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गई. वाहन में सवार यात्री गुजरात के बताए जा रहे हैं.
गौर हो कि बृहस्पतिवार को पुलिस को डेल्टा के माध्यम से सूचना मिली कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई है. सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं. घटनास्थल पर पहुंची राहत एवं बचाव टीमों ने नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में खोजबीन शुरू की.
रेस्क्यू अभियान के दौरान टीमों को नदी किनारे चार लोगों के शव मिले. इसके बाद शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई. हादसे के समय कार में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. अन्य लोगों के भी नदी में बहने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं.
गंगनानी के पास इनोवा कार नदी में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवा की टीमों को तत्काल मौके पर भेजा गया. घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है. अब तक नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं. वाहन में अन्य लोगों के सवार होने की आशंका को देखते हुए नदी में सर्च अभियान जारी है. रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में लापता लोगों और मृतकों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी.
-शार्दूल गुसाईं,आपदा प्रबंधन अधिकारी-
हादसे का स्थान दुर्गम होने और नदी के तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौतियां सामने आ रही हैं. टीमों की ओर से घटनास्थल के आसपास नदी के किनारों और संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस की ओर से दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में हताहत और लापता लोगों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी.

