DehardunNewsbeatआपका शहरउत्तराखंडखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरेंन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

हल्द्वानी मंच शुद्धिकरण प्रकरण, खड़गे ने जेपी नड्डा को लिखा पत्र, राज्यसभा में किया वादा दिलाया याद

खबर को सुने

मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड हल्द्वानी स्टेज शुद्धिकरण मुद्दे पर जेपी नड्डा को पत्र लिखा और अपने आश्वासन की याद दिलाई.

देहरादून: उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में 11 अगस्त को हुए कथित शुद्धिकरण मामले पर कांग्रेस का आक्रोश लगातार बना हुआ है. देशभर में विरोध प्रदर्शन करते हुए कथित शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है. उधर, इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पर राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में मुकदमा भी दर्ज किया गया है. राहुल पर दलितों को अपमान करने का आरोप लगा है. इधर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जेपी नड्डा को पत्र लिखकर ‘कार्रवाई के आश्वासन’ की याद दिलाई है.

जानें पूरा मामला: 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विशाल रैली आयोजित हुई. आयोजन के चौथे दिन 11 अगस्त को श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास से जुड़े लोगों ने मैदान और मंच पर धार्मिक अनुष्ठान किया. कांग्रेस ने इस कार्यक्रम को दलित नेता की मौजूदगी होने पर ‘शुद्धिकरण’ बताया.

इसके बाद 13 अगस्त को मल्लिकार्जुन खड़गे ने पूरे विवाद को राज्यसभा में उठाया और कथित शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. खड़गे के आरोपों पर सदन नेता जेपी नड्डा ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था.

लेकिन आश्वासन के 21 दिन बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर अब मल्लिकार्जुन खड़गे ने जेपी नड्डा को पत्र लिखकर ‘आश्वासन’ की याद दिलाई है. खड़गे ने अपने X अकाउंट पर लिखा,

‘राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा को पत्र लिखकर हल्द्वानी में मेरी जनसभा के बाद रामलीला मैदान में कराए गए शुद्धिकरण (Purification) के गंभीर मामले में उनके द्वारा सदन में दिए गए आश्वासन की मैंने याद दिलाई है और आग्रह किया है कि इस पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए’.

’24 दिन बीत जाने के बाद भी इस घृणित घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों व संगठनों के विरुद्ध एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई है’.

‘मैंने पत्र में स्पष्ट कहा है- यह मुद्दा निजी तौर पर मेरे या भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद से परे व्यापक तौर पर करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा है, जो इस क्रूर वास्तविकता से रोज रूबरू होते रहते हैं. ऐसे गलत लोगों को सबक देना जरूरी है. और मेरी मांग स्पष्ट है कि इन तथ्यों और राज्य सभा सदन में दिए गए आश्वासन के आलोक में आप मुख्यमंत्री उत्तराखंड को निर्देशित करते हुए यह सुनिश्चित करें कि हल्द्वानी में मेरी जनसभा के बाद रामलीला मैदान पर हुए शुद्धिकरण की इस घटना में संलिप्त व्यक्तियों और संगठनों पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करें.’

राहुल गांधी पर मुकदमा दर्ज: उधर, इस 29 अगस्त को इस मामले पर राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और शुद्धिकरण से जुड़े लोगों को भाजपा-आरएसएस से जुड़ा होने पर भाजपा पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाया. इस आरोपों पर भाजपा ने कांग्रेस पर घटना को जातिगत रंग देने का आरोप लगाया. इसके बाद 30 अगस्त को अमित कुमार की तहरीर पर हल्द्वानी में राहुल गांधी के ऊपर अनुसूचित जाति समूदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोपों पर मुकदमा दर्ज किया है.

Related Articles

Back to top button