Blog

Dehradun: कैफे से लौट रहे भाजपा नेता की हत्या और अपहरण की कोशिश, पिस्टल तानकर दी जान से मारने की धमकी

खबर को सुने

Dehradun Crime News: राजधानी में एक भाजपा नेता के अपहरण और हत्या के प्रयास का मामला सामने आया। जिसके बाद लोगों में दहशत है।

देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक भाजपा नेता की कार चढ़ाकर हत्या की कोशिश और उसके बाद अपहरण का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस को दी तहरीर में नयागांव चंद्रबनी निवासी 26 वर्षीय हर्ष वालिया ने बताया कि वह भाजपा युवा मोर्चा का मंडल उपाध्यक्ष है। बीते दिनों क्लेमनटाउन थाने में एक मामले को लेकर उसकी कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी, जहां उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी।

आरोप है कि 20 अप्रैल की शाम करीब चार से 4:30 बजे के बीच वह गौतम कुंड के पास एक कैफे से लौट रहे थे तभी पीछे से आई एक आई-20 कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए।

इसके बाद कार से उतरे आरोपियों ने उनके सिर पर पिस्टल तान दी। इसी दौरान दूसरी कार से आए अन्य युवक जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास करने लगे। पीड़ित के मुताबिक, उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे।इस बीच आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट करने लगे, लेकिन वह मौका पाकर पास की दीवार फांदकर भाग निकले। घटना के दौरान उसकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एक मकान की दीवार भी टूट गई।

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावरों में हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा, अभिनव काकरान और चेतन्य शर्मा सहित तीन अन्य लोग शामिल थे। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक कार को कब्जे में लिया।

पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पटेल नगर थाना प्रभारी विनोद गुसाई ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

Related Articles

Back to top button