अपराधउत्तराखंडसोशल मीडिया वायरलहरिद्वार

हरिद्वार में धड़ल्ले से चल रहा अवैध शराब का धंधा, नगर निगम और आबकारी विभाग ने की बड़ी बरामदगी

खबर को सुने

दिन में नगर निगम की टीम को अतिक्रमण हटाने के दौरान झोपड़ी में अवैध शराब मिली, रात में आबकारी विभाग ने पकड़ी तस्करी की शराब

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में बायलॉज के अनुसार शराब और मांस की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है. इसके बावजूद यहां धड़ल्ले से अवैध शराब की बिक्री की जा रही है. इसका खुलासा तब हुआ जब मंगलवार को नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रही थी. टीम को रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में एक झोपड़ी के अंदर संदूक में अवैध शराब का जखीरा मिला था. इसके बाद रात को आबकारी विभाग ने दीन दयाल पार्किंग इलाके में छापा मारा तो उन्हें भी एक झोपड़ी में बड़ी मात्रा में अवैध शराब मिली.

हरिद्वार में अवैध शराब बरामद: हरिद्वार में प्रतिबंध के बावजूद गंगा घाटों और आसपास के इलाकों में आराम से अवैध शराब मिल जाती है. मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हरकी पैड़ी के नजदीक रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से शराब का एक बड़ा जखीरा बरामद होने से हड़कंप मच गया. यह शराब एक संदूक में छिपाकर रखी गई थी. बताया जा रहा है कि कई दिनों से यहां अवैध शराब की बिक्री हो रही थी. बड़ी मात्रा में शराब की बोतलों को देखकर टीम में शामिल अधिकारी और कर्मचारी भी हैरान रह गए.

नगर निगम की टीम को अतिक्रमण हटाते समय मिला शराब का जखीरा: दरअसल चारधाम यात्रा और आगामी कुंभ मेले को देखते हुए नगर निगम हरिद्वार द्वारा बुलडोजर कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया जा रहा है. सफाई निरीक्षक श्रीकांत के नेतृत्व में निगम की टीम मंगलवार को रोडिबेलवाला में अतिक्रमण हटा रही थी. उसी दौरान एक झोपड़ी में रखे संदूक को जब्त किया गया. अधिकारियों ने जब संदूक को खोलकर देखा, तो उसमें बड़ी संख्या में शराब की बोतलें पाई गईं. शराब भी कोई देसी नहीं बल्कि अंग्रेजी शराब के कई अलग अलग ब्रांड की बोतलें रखी पाई गईं.

स्थानीय लोगों ने लगाया ये आरोप: स्थानीय लोगों का कहना है कि रोड़ीबेलवाला समेत कई क्षेत्रों में शराब तस्करी आम हो गई है. यहां तस्कर चोरी छिपे यात्रियों और स्थानीय निवासियों को शराब बेचते हैं. ड्राई एरिया होने के बावजूद तस्कर इस प्रतिबंध का फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार चला रहे हैं. पूर्व में हरकी पैड़ी क्षेत्र के सामने मालवीय घाट सहित अन्य स्थानों पर भी कई बार शराब पकड़ी जा चुकी है. पुलिस समय-समय पर तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करती रही है, लेकिन यह अवैध धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है. सबसे चिंताजनक बात यह है कि जहां से शराब बरामद हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर सीसीआर टावर स्थित है, जहां कुंभ मेला अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहते हैं. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

सहायक नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि-

नगर निगम प्रशासन ने अतिक्रमण को लेकर बड़ा प्लान बनाया है. प्लान के मुताबिक शहर में सभी जगहों पर अतिक्रमण हो हटाया जाएगा. जेसीबी से अतिक्रमण को हटाने के साथ ही सामान भी जब्त किया जा रहा है. दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
-दीपक गोस्वामी, सहायक नगर आयुक्त-

दीन दयाल पार्किंग इलाके में भी बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद: दिन में नगर निगम को अतिक्रमण हटाने के दौरान रोड़ीबेलवाला में अवैध शराब का जखीरा मिला तो रात में आबकारी विभाग को भी दीन दयाल पार्किंग क्षेत्र में छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में अवैध शराब मिली. जानकारी के अनुसार, आबकारी इंस्पेक्टर दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया. टीम ने मौके पर भूरा नामक व्यक्ति की झोपड़ी पर छापा मारा, जहां से अवैध रूप से छिपाकर रखा गया अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ. छापेमारी के दौरान 225 टेट्रा पैक देशी शराब और 15 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद किए गए. यह शराब अवैध रूप से इकट्ठा कर बिक्री के उद्देश्य से रखी गई थी. टीम ने मौके पर ही शराब को कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है.

हरकी पैड़ी क्षेत्र के आसपास अवैध शराब का धंधा फलफूल रहा: हरिद्वार एक धार्मिक नगरी है और बायलॉज के अनुसार यहां अवैध शराब और मांस की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है. ड्राई एरिया होने के बावजूद यहां धड़ल्ले से अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है. यहां एक दिन में दो जगहों से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद होने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. जो काम आबकारी विभाग और पुलिस को करना चहिए था वो नगर निगम की टीम ने किया. दिन में निगम की टीम द्वारा अवैध शराब पकड़े जाने के बाद आबकारी विभाग हरकत में आया और रात को दीन दयाल पार्किंग में छापेमारी कर एक झोपड़ी से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है.

आबकारी विभाग जारी रखेगा कार्रवाई: आबकारी इंस्पेक्टर दर्शन सिंह चौहान ने बताया कि-

शहर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. दीन दयाल पार्किंग में शराब बेचने वाले तस्कर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
-दर्शन सिंह चौहान, आबकारी इंस्पेक्टर-

Related Articles

Back to top button