Newsbeatउत्तराखण्डखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

UGC-NET जून 2026 का रिजल्ट घोषित, तीन विषयों के लिए सितंबर में होगी परीक्षा दोबारा

खबर को सुने

NTA ने 84 विषयों के लिए UGC-NET जून 2026 के रिजल्ट घोषित किए. परीक्षार्थी UGC-NET वेबसाइट पर रिजल्ट देख सकते हैं.

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET जून 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया है. एनटीए ने तीन विषयों को छोड़कर 84 विषयों के परिणाम की घोषणा की. एनटीए के मुताबिक, 9 से 10 सितंबर तक तीन विषयों- इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के लिए UGC-NET जून 2026 परीक्षा दोबारा कराएगी. एजेंसी ने बताया कि इन तीनों विषयों के रिजल्ट और स्कोरकार्ड दोबारा परीक्षा के बाद ही जारी किए जाएंगे.

NTA ने शुक्रवार को 84 विषयों के लिए UGC-NET जून 2026 के रिजल्ट घोषित किए. परीक्षार्थी अपने रिजल्ट और स्कोरकार्ड ऑफिशियल UGC-NET वेबसाइट पर देख सकते हैं. कैंडिडेट्स लॉग-इन करके अपने स्कोरकार्ड देख, डाउनलोड और प्रिंट कर सकते हैं.

इससे पहले, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) देने, असिस्टेंट प्रोफेसर की योग्यता का आकलन करने और PhD प्रोग्राम में एडमिशन शुरू करने के लिए 22 से 30 जून तक 87 विषयों में UGC-NET जून 2026 परीक्षा आयोजित की थी. लेकिन, इन पेपर्स में गलतियों की कई शिकायतों के बाद, एजेंसी ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई.

NTA के अनुसार, समिति ने पाया कि तीन विषयों के प्रश्न पत्रों में कई तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद संबंधी गलतियां थीं, जिनमें प्रमुख विद्वानों के गलत स्पेलिंग वाले नाम, किताबों के शीर्षक में गड़बड़ी, प्रश्न के मूल शब्दों में खामियां, व्याकरण की गलतियां और लिंग/संख्या सहमति की गलतियां शामिल थीं. साथ ही पहले से पूछे गए कई प्रश्न भी दोहराए गए थे.

समिति की सिफारिशों के आधार पर, NTA ने इन तीन विषयों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया, जिसमें इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी शामिल थे.

दोबारा परीक्षा के लिए घोषित शेड्यूल के अनुसार, इंग्लिश का पेपर 9 सितंबर को शिफ्ट 1 (सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक), कॉमर्स का पेपर 9 सितंबर को शिफ्ट 2 (दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक) और सोशियोलॉजी का पेपर 10 सितंबर को शिफ्ट 1 (सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक) में होगा.

Related Articles

Back to top button