उत्तराखंडऋषिकेशताज़ा ख़बरेंदुर्घटनासोशल मीडिया वायरल

ऋषिकेश में उज्जैनी एक्सप्रेस ट्रेन के 3 डिब्बे पटरी से उतरे, मचा हड़कंप, हादसे की जांच तेज

खबर को सुने

ऋषिकेश के योगनगरी रेलवे स्टेशन में उज्जैनी एक्सप्रेस ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतरने से अफरा तफरी मच गई.

ऋषिकेश (उत्तराखंड): उत्तराखंड के ऋषिकेश में योगनगरी रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा हो गया है. योगनगरी रेलवे स्टेशन पर पहुंची उज्जैनी एक्सप्रेस जब वाशिंग लाइन में शंटिंग हो रही थी, तभी वह अनियंत्रित हो गई. देखते ही देखते वह वॉशिंग लाइन ट्रैक पर तेजी से आगे बढ़ी और एंड पॉइंट पर तेज आवाज के साथ बफर स्टॉप से टकरा गई. घटना में इंजन के पीछे के तीन डब्बे पटरी से उतर गए.

हादसे की आवाज सुनकर खांड गांव के आसपास के लोग सहम गए और वह घटनास्थल की ओर दौड़े. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन फानन में जीआरपी, पुलिस और स्टेशन प्रशासन मौके पर पहुंचा. घटना के बारे में जानकारी जुटाई. फिलहाल यह नहीं पता चला है कि आखिरकार ऐसा क्या हुआ की यह हादसा हुआ है. कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. हादसे में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली.

यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से शाम को योगनगरी स्टेशन पहुंची थी. उसके बाद यह वॉशिंग लाइन में शंटिंग हो रही थी, तभी अचानक यह हादसा हुआ. यह ट्रेन 19 मई यानि आज सुबह उज्जैन के लिए योग नगरी रेलवे स्टेशन से रवाना होनी थी. योग नगरी रायवाला ट्रैक बाधित नहीं हुआ है. वहीं इस घटना की रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है. वहीं मौके पर पहुंचे आरपीएफ अधिकारी ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी 10 बजे मिली और वो तत्काल मौके पर पहुंचे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन अचानक तेज गति से आगे बढ़ी और कुछ दूरी पर जाकर पटरी छोड़ दी. इसके बाद डिब्बे झटके के साथ एक दीवार से जा टकराए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के दौरान जोरदार आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए. मौके पर रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल क्षेत्र को खाली कराया और ट्रैक पर आवाजाही रोक दी गई.

प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तकनीकी गड़बड़ी या लापरवाही मानी जा रही है, जो जांच का विषय है. हालांकि रेलवे अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं. अधिकारियों ने केवल इतना कहा कि मामले की जांच की जा रही है और तकनीकी टीम रिपोर्ट तैयार कर रही है. घटना के बाद रेलवे ट्रैक और क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया गया. रेलवे प्रशासन ने राहत और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है. हादसे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है.

ऋषिकेश में रेल प्रशासन के द्वारा रेलवे ट्रैक से उतरे उज्जैनी एक्सप्रेस के दो रेल कोच को क्रेन और जैक की सहायता से नीचे गिराया गया. रेल प्रशासन के द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद रेलवे ट्रैक को साफ किया गया.

Related Articles

Back to top button