DehardunNaitionalNationalNewsbeatआपका शहरउत्तरराखंड विधानसभाखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरताज़ा ख़बरेंन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

उत्तराखंड में 321 दिन में सड़क हादसों में गई 364 लोगों की जान, चारधाम यात्रा के बाद भी नहीं थमी दुर्घटनाएं

खबर को सुने

1 जनवरी 2026 से 17 नवंबर 2026 तक उत्तराखंड में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 364 लोगों की मौत हो चुकी है

देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का सफर इस साल हादसों के लिहाज से भी बेहद चुनौतीपूर्ण रहा है. यात्रा शुरू होने से लेकर मानसून के दौरान और यात्रा सत्र के अंतिम दिन तक पहाड़ों में लगातार हादसों में लोगों की जान गई है. कहीं यात्रियों से भरे वाहन गहरी खाई में समा गए, तो कहीं पहाड़ से गिरते बोल्डर और मलबे ने सड़क पर चलना मुश्किल कर दिया. मंगलवार को टिहरी के गूलर में हादसा भयावह था. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिले आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड में पिछले 321 दिन में 364 लोगों ने सड़क हादसों में जान गंवाई है.

उत्तराखंड में हादसों का अंतहीन सिलसिला: बदरीनाथ हाईवे से लेकर केदारनाथ पैदल मार्ग और गंगोत्री-यमुनोत्री के रास्तों तक हादसों मे कई लोगों की जान चली गई. 17 नवंबर को एक बार फिर उत्तराखंड में सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया. टिहरी जिले के गूलर में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों से भरी बस पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी. वहीं रुद्रप्रयाग जिले में बारात से लौट रही जीप दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में समा गई. ऋषिकेश के फकोट क्षेत्र में भी एक अन्य वाहन हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. इन दुर्घटनाओं ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था वाहनों की स्थिति और चालकों की सतर्कता को लेकर सवाल खड़े किए हैं. इन हादसों के बाद फिर से जांच करवाने के बयान आने लगे हैं.

17 नवंबर को गूलर में बस हादसे ने मचाई तबाही, 9 यात्रियों की मौत: उत्तराखंड में मंगलवार सुबह सबसे बड़ा सड़क हादसा टिहरी जिले के गूलर बाजार के पास हुआ. ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरिद्वार से जोशीमठ की ओर जा रही विश्वनाथ सेवा की बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी. बस में 34 यात्री सवार थे. हादसा सुबह करीब 5:30 बजे मुनि की रेती थाना क्षेत्र में हुआ. बस संख्या UK09PA9779 पुल के पास सड़क की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं. पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने भी बचाव अभियान शुरू किया. इस हादसे में नौ यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है. 25 घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई. टिहरी की जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारी भी राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी के लिए मौके पर पहुंचे. हादसे के बाद सीएम धामी अस्पताल पहुंचे. हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं. बताया जा रहा है कि बस रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी. यात्रा समाप्त होने के बाद भी इस मार्ग पर बदरीनाथ-जोशीमठ और सीमावर्ती क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों तथा स्थानीय लोगों का आवागमन जारी रहता है. ये बस भी हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी.

16-17 नवंबर रुद्रप्रयाग में बारातियों की बोलेरो खाई में गिरी 5 की मौत: उधर सोमवार रात अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में कंडारा मोटर मार्ग पर बारात से लौट रही जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. वाहन पोखरी से रांसी की ओर जा रहा था. सोमवार रात करीब 9:15 बजे दुर्घटना की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को मिली. इसके बाद एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस की टीमों को मौके पर भेजा गया. वाहन में कुल 10 लोग सवार थे. इस हादसे में भी चार लोगों की मौत हुई और छह लोग घायल हुए. इस दुर्घटना की वजह फिलहाल अधिक अंधेरा होना बताया जा रहा है. मंगलवार को ही ऋषिकेश क्षेत्र के फकोट के पास भी वाहन दुर्घटना हुई. वाहन खाई में जा गिरा इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई जबकि चार लोग घायल हो गए.

यात्रा के शुरुआती दिनों में ही हादसों ने बढ़ाई थी चिंता: चारधाम यात्रा शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद 10 मई को टिहरी जिले के मुनि की रेती क्षेत्र में शिवपुरी के पास बदरीनाथ से लौट रही यात्रियों की बस पलट गई थी. बस में चालक और परिचालक सहित 27 लोग सवार थे. हादसे में सात यात्री घायल हुए थे. चालक का ध्यान सड़क से हटने के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई. मई के आखिरी दिनों में भी गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्रों में दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी रहा. चमोली के ल्वाणी क्षेत्र में वाहन खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हुई और तीन लोग घायल हुए. वहीं चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र में मौसम खराब होने के दौरान पर्यटकों की मौत की अलग अलग घटनाएं सामने आईं, जिनमें 4 लोगों की मौत हुई थी.

सकनीधार में गंगा में समाई इनोवा, तीन की मौत: 2 जून को टिहरी जिले के सकनीधार क्षेत्र में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था. चारधाम यात्रा पूरी कर लौट रहा जैसलमेर का परिवार इनोवा वाहन में सवार था. गंगा दर्शन होटल के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे अलकनंदा नदी में जा गिरा. हादसे में तीन लोगों की मौत हुई जबकि अन्य यात्रियों की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया गया था. इस घटने मे एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ था.

7 जून को टिहरी जिले के तोताघाटी क्षेत्र में बदरीनाथ से ऋषिकेश लौट रही यात्रियों की बस दुर्घटनाग्रस्त हो हुई थी. बस में 39 यात्री सवार थे. वाहन सड़क पर पलट गया जिसमें कुछ यात्रियों को चोटें आईं. हादसे की वजह ब्रेक फेल होना बताया गया था. हालांकि इस घटना में बड़ी जनहानि नहीं हुई लेकिन कई लोग घायल जरूर हुए थे. 2 जुलाई को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के भैरोंघाटी क्षेत्र में भी वाहन दुर्घटना की घटना सामने आई थी.

347 लोगों की मौत 1295 घायल: राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार 1 जनवरी 2026 से 17 नवंबर 2026 तक उत्तराखंड में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 364 लोगों की मौत हो चुकी है. इन हादसों में 1,333 लोग घायल हुए हैं. 11 लोग अभी भी लापता बताए गए हैं. यानी प्रदेश में हर दिन औसतन एक से अधिक लोगों की जान सड़क दुर्घटनाओं में जा रही है. घायलों की संख्या भी यह बताने के लिए काफी है कि पहाड़ी सड़कों पर सफर कितना जोखिम भरा बना हुआ है.

टिहरी गढ़वाल में सबसे ज्यादा मौतें, नैनीताल भी हादसों में आगे: राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक सड़क हादसों में सबसे अधिक मौतें टिहरी गढ़वाल जिले में हुई हैं. यहां 75 लोगों ने सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाई है. हादसों में 160 से अधिक लोग घायल हुए हैं. टिहरी का भौगोलिक क्षेत्र और ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई संवेदनशील सड़क मार्ग दुर्घटनाओं के लिहाज से चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. नैनीताल जिले में भी सड़क हादसों ने बड़ी संख्या में लोगों की जान ली है. यहां 36 लोगों की मौत हुई है. पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में 28-28 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई है. वहीं चमोली जिले में 23 लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं.

आखिर क्यों जानलेवा साबित हो रही हैं उत्तराखंड की सड़कें: उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं के पीछे कई कारण हैं. राज्य की भौगोलिक स्थिति सबसे बड़ी चुनौती है. अधिकांश पर्वतीय सड़कों पर एक तरफ ऊंची पहाड़ी और दूसरी तरफ गहरी खाई होती है. कई स्थानों पर सड़कें संकरी हैं और तीखे मोड़ हैं. ऐसे में वाहन का संतुलन बिगड़ना बड़ी दुर्घटना में बदल सकता है. दूसरी बड़ी वजह सड़क पर वाहनों का बढ़ता दबाव है.

उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा कहते हैं कि-

हमने लगातार उत्तराखंड की सड़कों को सुरक्षित रखने के लिए क्रैश बैरियर लगाने, वाहनों की फिटनेस जांच और चालकों की निगरानी को लेकर कई कदम उठाए हैं. हमारी टीम के साथ पुलिस लगातार सड़कों पर ओवरलोड और ओवरस्पीड की निगरानी करती है. कई रास्तों में अंधेरा होते ही आवागमन भी बंद किया जाता है.
-प्रदीप बत्रा, परिवहन मंत्री-

Related Articles

Back to top button