Newsbeatखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

जयपुर में 20 देशों की सुंदरियों के बीच होगा ‘ताज’ के लिए मुकाबला, 23 अगस्त को होगा Miss Ocean World ग्रैंड फिनाले

खबर को सुने

जयपुर में सौंदर्य प्रतियोगिता ‘मिस ओशियन वर्ल्ड 2026’ के फिनाले वीक शुरू हो गया. प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए 20 देशों की प्रतिभागी पहुंचीं.

जयपुर : गुलाबी नगरी जयपुर में 20 देशों की सुंदरियों के बीच ‘ताज’ के लिए मुकाबला होगा. ‘मिस ओशियन वर्ल्ड 2026’ का फिनाले वीक जयपुर में हो रहा है. शहर के मानसरोवर स्थित अनंत महल में वेलकम सेरेमनी के साथ फिनाले वीक की शुरुआत हुई. अब 23 अगस्त को इसी जगह प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले होगा. आयोजकों ने प्रतियोगिता को जयपुर की कला, संस्कृति और विरासत से जोड़ने की भी कोशिश की है. यानी दुनिया के अलग-अलग देशों से आईं प्रतिभागी अगले कुछ दिनों में जयपुर को सिर्फ देखेंगी नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति और परंपराओं को करीब से महसूस भी करेंगी.

‘मिस ओशियन वर्ल्ड 2026’ के फिनाले वीक के पहले दिन आयोजित वेलकम सेरेमनी में प्रतिभागियों ने अपने अराइवल लुक से अंदाज और व्यक्तित्व की झलक दिखाई. यूके, जापान, साउथ सूडान, युगांडा, इंडोनेशिया, रूस, जिम्बाब्वे, भारत, बांग्लादेश, केन्या, कैमरून और हांगकांग समेत 20 देशों की प्रतिभागियां इस प्रतियोगिता का हिस्सा हैं. फ्यूजन ग्रुप के डायरेक्टर और आयोजन से जुड़े योगेश मिश्रा ने बताया कि फिनाले वीक को अलग-अलग राउंड और एक्टिविटीज में बांटा गया है.

किसी के सीने पर यूके तो किसी पर जापान का सैश : वहीं आगे होने वाली सैश सेरेमनी में सभी प्रतिभागियों को उनके देश के नाम वाला सैश पहनाया जाएगा. इसके बाद फोटोजेनिक राउंड होगा, जहां कैमरे के सामने प्रतिभागियों की पर्सनैलिटी, कॉन्फिडेंस और एक्सप्रेशन परखे जाएंगे. आयोजन से जुड़ी योगेश निमिषा मिश्रा ने बताया कि सैश सेरेमनी के बाद सभी प्रतिभागियों को जयपुर की सैर कराई जाएगी. वे शहर के प्रमुख मॉन्यूमेंट्स और हेरिटेज साइट्स देखेंगी और यहां की कला-संस्कृति को समझेंगी. कूकस स्थित हेरिटेज रेस्टोरेंट में उन्हें राजस्थानी खान-पान और पारंपरिक स्वाद का भी अनुभव कराया जाएगा.

2023 की विजेता भी पहुंचीं जयपुर : फिनाले वीक में मिस ओशियन वर्ल्ड 2023 की विजेता लौरा हडसन भी मौजूद रहेंगी. यूके की लौरा हडसन नई विजेता को क्राउन सौंपने के लिए जयपुर पहुंची हैं. 23 अगस्त को होने वाली क्राउन पासिंग सेरेमनी फिनाले का खास आकर्षण रहेगी. मिस ओशियन वर्ल्ड की डायरेक्टर एकता जैन के मुताबिक, प्रतियोगिता से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए विदेशी प्रतिभागियों को जयपुर की संस्कृति और विरासत से जोड़ने की कोशिश की जा रही है. ऐसे में अगले कुछ दिन जयपुर में ग्लैमर के साथ राजस्थान की रंग-बिरंगी संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी.

Related Articles

Back to top button