Newsbeatआपका शहरउत्तराखंडखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरेंन्यूज़सेनासोशल मीडिया वायरल

उत्तराखंड में रामायण काल की विरासत ‘श्रृंग ऋषि आश्रम’, इस पहल से मिलेगी नई पहचान, बनेगा नया धार्मिक पर्यटन

खबर को सुने

पौड़ी गढ़वाल के थलीसैंण स्थित श्रृंग ऋषि आश्रम को धार्मिक पर्यटन स्थल बनाने की पहल की जा रही है. रिपोर्ट- किरणकांत शर्मा.

देहरादून: उत्तराखंड की पहाड़ियों में रामायण कालीन मान्यताओं और पौराणिक इतिहास से जुड़े कई ऐसे स्थल मौजूद हैं, जिनकी पहचान अभी तक स्थानीय क्षेत्रों या कुछ ही लोगों तक ही सीमित रही है. इन्हीं में से एक है पौड़ी गढ़वाल जिले के दूधातोली पर्वत क्षेत्र में मौजूद पौराणिक श्रृंग ऋषि आश्रम, जो समुद्र तल से करीब 6,500 फीट की ऊंचाई पर घने जंगलों और प्राकृतिक सुंदरता के बीच स्थित है. इस तपस्थली को अब सरकार धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की तैयारी कर रही है. धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, इस स्थान का संबंध श्रृंग ऋषि से है. जिनका उल्लेख रामायण में राजा दशरथ के पुत्रेष्टि यज्ञ के प्रसंग में मिलता है.

राजा दशरथ के पुत्रेष्टि यज्ञ से जुड़ी है मान्यता: धर्म के जानकार प्रतीक कहते हैं कि, रामायण के बालकांड में कथा के मुताबिक, अयोध्या के राजा दशरथ संतान प्राप्ति के लिए चिंतित थे. उन्होंने पुत्रकामेष्टि यज्ञ कराने का निर्णय लिया और इस यज्ञ को संपन्न कराने के लिए श्रृंग ऋषि को आमंत्रित किया. यज्ञ के बाद प्राप्त दिव्य पायस को राजा दशरथ ने अपनी रानियों में दिया. जिसके बाद भगवान राम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न का जन्म हुआ.

धार्मिक परंपराओं में श्रृंग ऋषि का संबंध राजा दशरथ की पुत्री शांता से विवाह के कारण भी महत्वपूर्ण माना जाता है. हालांकि पुत्रेष्टि यज्ञ का आयोजन अयोध्या से जुड़ा है. जबकि पौड़ी के दूधातोली स्थित आश्रम को श्रृंग ऋषि की तपस्थली के रूप जाना जाता है.

12 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर आश्रम पहुंचे मंत्री: श्रृंग ऋषि आश्रम को धार्मिक पर्यटन से जोड़ने की पहल के बीच कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत हाल ही में भैया दूज के मौके पर आश्रम पहुंचे थे. मंत्री ने करीब 12 किलोमीटर की दुर्गम पैदल यात्रा कर आश्रम में पूजा-अर्चना की. उनके साथ आसपास के 11 से अधिक गांवों के ग्रामीण भी मौजूद रहे. इस दौरान आश्रम के विकास को लेकर स्थानीय लोगों ने अपनी मांग रखी और क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित करने की मांग उठाई.

दो साल में मंदिर, धर्मशाला और विशाल प्रतिमा बनाने की योजना: आश्रम में पूजा अर्चना के बाद मंत्री धन सिंह रावत ने इसे भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की. योजना के तहत अगले दो सालों में यहां भव्य मंदिर धर्मशाला और श्रृंग ऋषि की विशाल प्रतिमा स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने और आवश्यक विकास कार्यों की रूपरेखा बनाने की बात कही गई है. सरकार की मंशा इस पौराणिक स्थल को व्यवस्थित तरीके से विकसित कर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की है.

हालांकि, श्रृंग ऋषि आश्रम तक पहुंचना अभी भी श्रद्धालुओं के लिए आसान नहीं है. दुर्गम पहाड़ी रास्ते और लंबी पैदल यात्रा के कारण यहां सीमित संख्या में ही लोग पहुंच पाते हैं. ऐसे में आश्रम तक पहुंचने वाले मार्ग को बेहतर बनाना सरकार की योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है.

इस स्थान को धार्मिक पर्यटन सर्किट से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है.
-धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री-

दूधातोली की पहाड़ियों में बसा है आश्रम: पौड़ी गढ़वाल जिले के थलीसैंण क्षेत्र की ओर दूधातोली पर्वत श्रृंखला में स्थित यह आश्रम प्राकृतिक सुंदरता के लिहाज से भी खास है. करीब 6,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित क्षेत्र घने जंगल से घिरा है. आसपास के गांवों के लोगों की इस आश्रम के प्रति गहरी आस्था है. स्थानीय ग्रामीण, सालों से यहां पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते रहे हैं. कुछ पर्यटक भी यहां आ जाते हैं. श्रृंग ऋषि आश्रम तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को पहले सड़क मार्ग से पौड़ी गढ़वाल के पैठाणी और थलीसैंण क्षेत्र की ओर जाना पड़ता है. हरिद्वार और देहरादून से पौड़ी की ओर सड़क मार्ग से पहुंचा जा सकता है. इसके बाद स्थानीय गांवों से आश्रम के लिए पैदल यात्रा करनी होती है.

धार्मिक पर्यटन सर्किट से जुड़ेंगे पौड़ी के कई पौराणिक स्थल: मंत्री धन सिंह रावत की मानें तो श्रृंग ऋषि आश्रम का विकास पौड़ी जिले के धार्मिक पर्यटन विस्तार की व्यापक योजना का हिस्सा बन सकता है. इससे पहले भी पैठाणी का राहु मंदिर, बूंखाल कालिंका मंदिर, भैरव मंदिर, ताराकुंड, बिनसर महादेव और हंसेश्वर महादेव जैसे धार्मिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने और आपस में जोड़ने की योजनाओं भी सरकार की है. इन स्थलों को एक धार्मिक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित कर लिया जाता है तो पौड़ी गढ़वाल में धार्मिक यात्राओं के नए रास्ते खुल जाएंगे.

देशभर में हो सकती है क्षेत्र की पहचान: एक स्थानीय निवासी के अनुसार, श्रृंग ऋषि आश्रम हमारे क्षेत्र की आस्था और पहचान से जुड़ा हुआ है. आसपास के गांवों के लोग सालों से यहां पूजा-अर्चना के लिए आते रहे हैं. लेकिन रास्ता दुर्गम होने के कारण बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होती है. यदि सरकार यहां सड़क, पैदल रास्ते, धर्मशाला और अन्य जरूरी सुविधाओं का विकास करती है तो यह स्थान देशभर में अपनी पहचान बना सकता है. इससे गांवों के युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे.

Related Articles

Back to top button