NaitionalNewsbeatआपका शहरउत्तराखंडखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

खूंटी में बेकाबू ट्रेलर ने 9 लोगों को रौंदा, सात की मौत, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख

खबर को सुने

खूंटी में एक ट्रेलर ने कई लोगों को कुचल दिया. जिसमें सात लोगों की मौत हो गई.

रांची: झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में चार महिलाओं और तीन बच्चों समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. कर्रा थाना क्षेत्र के कोशांबी कॉलोनी के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया.

हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

स्कूटी सवार को बचाने पहुंचे थे ग्रामीण, तभी मौत बनकर आया ट्रेलर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10:15 बजे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गया था. उसकी मदद के लिए आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए.

कुछ युवक झाड़ियों में फंसे स्कूटी सवार को निकालने की कोशिश कर रहे थे, जबकि महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर घटनाक्रम देख रहे थे. इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे 18 चक्का ट्रेलर ने वहां मौजूद लोगों को रौंद दिया. अचानक हुए इस हादसे में किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला.

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत

इस दुर्घटना में स्थानीय निवासी बिरसा नायक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. हादसे में उनकी पत्नी कसीला देवी, बेटी अंजलि कुमारी और एक वर्षीय नाती सौरभ नायक की मौत हो गई. मृतकों की पहचान कसीला देवी, मान्दू देवी, अंजलि कुमारी, पाको देवी, तूती कुमारी, गोलू कुमार और मासूम सौरभ नायक के रूप में हुई है. हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए हैं. उन्हें तत्काल खूंटी सदर अस्पताल और तोरपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.

वहीं सड़क हादसे में सात लोगों की मौत के विरोध और मुआवजे की मांग को लेकर कर्रा रेलवे फाटक के पास लोगों ने सड़क जाम कर दिया है.

तीखे मोड़ और अंधेरे के कारण हुआ हादसा: एसपी

घटना की जानकारी मिलते ही खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली. एसपी ने घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया. उन्होंने कहा कि कर्रा थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लोग मदद के लिए पहुंचे थे. घटनास्थल पर तीखा मोड़ और अंधेरा होने के कारण 18 चक्का वाहन के चालक को सड़क किनारे मौजूद लोग नजर नहीं आए और यह भीषण दुर्घटना हो गई.

एसपी के मुताबिक, हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हुई है. घायल बच्ची खतरे से बाहर है. दुर्घटना के बाद ट्रेलर का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है. वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम हेमंत सोरेन ने जताया दुख

वहीं इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख व्यक्त किया है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर लिखा, “झारखंड के खूंटी में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से गहरा दुख हुआ है. जिन लोगों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”वहीं इस सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी दुख जताया है. उन्होंने कहा कि सात लोगों की मृत्यु की हृदयविदारक खबर से मन व्यथित है. साथ ही उन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और मारांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर और शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की.

Related Articles

Back to top button