NationalNewsbeatआपका शहरउत्तराखंडखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

मोहब्बेवाला में फिर हुआ सड़क हादसा, इस बार गर्ल्स हॉस्टल में घुसा ट्रक, जानें दुर्घटना का कारण

खबर को सुने

ट्रक दुर्घटना होने के बाद हॉस्टल और आसपास अफरा तफरी का माहौल हो गया, ड्राइवर ने कहा रंबल स्ट्रिप से उछलकर हुआ ब्रेक फेल

देहरादून: थाना क्लेमेंटाउन क्षेत्र के मोहब्बेवाला में फिर सड़क हादसा देखने को मिला है. आज सुबह नेशनल हाईवे से आ रहा ईंटों का ट्रक अनियंत्रित होकर गर्ल्स हॉस्टल में घुस गया. घटना के बाद हॉस्टल और आसपास अफरा तफरी का माहौल हो गया.

मोहब्बेवाला में फिर सड़क हादसा: सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक को बाहर निकाल कर उसका इलाज करवाया. हालांकि हादसे में किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है. हादसे कारण गति कम करने के लिए बनाए गए रंबल स्ट्रिप बताए जा रहे हैं. ड्राइवर का कहना है कि रंबल स्ट्रिप के कारण ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और 200 मीटर अंदर आकर गर्ल्स हॉस्टल में घुस गया.

गर्ल्स हॉस्टल में घुसा ईंट लदा ट्रक: जानकारी के अनुसार ट्रक चालक मशरूर मुजफ्फरनगर से ईटों से भरा ट्रक लेकर देहरादून के लिए रवाना हुआ था. नेशनल हाईवे के शहर में प्रवेश के दौरान ढलान पर बनाए गए रंबल स्ट्रिप के कारण ट्रक में काफी उछाल आने के बाद ट्रक के ब्रेक फेल हो गए. करीब 200 मीटर आगे आने के बाद ट्रक गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुसा और पलट गया.

ट्रक हादसे से गर्ल्स हॉस्टल में मचा हड़कंप: ट्रक दुर्घटना होने के बाद हॉस्टल और आसपास अफरा तफरी का माहौल हो गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थाना क्लेमेंटाउन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ड्राइवर को बाहर निकाला ओर उसका इलाज कराया गया. हालांकि इस घटना से किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है.

ड्राइवर ने बताया हादसे का कारण: वहीं ड्राइवर मशरूर का कहना है कि-

रंबल स्ट्रिप के कारण ट्रक की गति तो कम कर दी थी गई थी, लेकिन रंबल स्ट्रिप पर ट्रक में काफी उछाल आ गया था. इस कारण ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और सड़क पर जनहानि को बचाने के चक्कर में ट्रक सड़क किनारे मोड़ दिया. इसके बाद ट्रक गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़कर अंदर घुस गया.
-मशरूर, ट्रक ड्राइवर-

मोहब्बेवाला में पहले भी हुए हादसे: मोहब्बेवाला में कुछ दिन पहले दर्दनाक हादसा हुआ था. उसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. तीन लोग घायल हो गए थे. इसके बाद देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और जिलाधिकारी आशीष चौहान ने मोहब्बेवाला का निरीक्षण किया था. निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे के बाद ढलान पर वाहनों की गति कम करने के लिए रंबल स्ट्रिप बनाने के निर्देश दिए थे. प्रशासन द्वारा इस सड़क पर गति को कम करने के लिए रंबल स्ट्रिप तो बनाए गए, वाहनों की गति भी कम हुई, लेकिन चालकों का कहना है कि गाड़ियों में काफी उछाल आ रहा है.

पुलिस का बयान: थाना क्लेमेंटाउन प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया है कि-

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्राइवर का इलाज कराया. जल्दी क्रेन को मंगवाकर ट्रक को हटाया. हादसे में किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है.
-लोकपाल परमार, थाना प्रभारी, क्लेमेंटाउन-

क्या है रंबल स्ट्रिप? रंबल स्ट्रिप (Rumble Strip) सड़क पर बने हुए छोटे-छोटे उभरे हुए या खांचेदार हिस्से या पट्टियां होती हैं. इनके ऊपर से गाड़ी के गुजरने पर पहिए तेज आवाज और कंपन करते हैं. टोल प्लाजा, चौराहे, खतरनाक मोड़ या आगे स्पीड कम करने की आवश्यकता वाले स्थानों से पहले इन्हें सड़क के आरपार सीरीज में लगाते हैं.

Related Articles

Back to top button