राहुल गांधी पर जमकर बरसे सीएम धामी, इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के मिमिक्री को लेकर साधा निशाना

सीएम धामी ने इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पीएम मोदी और उनकी मां का उपहास उड़ाने पर राहुल गांधी को जमकर घेरा है.
हरिद्वार: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर पीएम मोदी और उनकी माता का उपहास उड़ाने का आरोप लगाया. इस मुद्दे पर सीएम धामी ने राहुल गांधी को जमकर घेरा है. उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आयु और अनुभव में बहुत बड़े हैं, उन्होंने देश को बहुत कुछ दिया, जो आज तक किसी ने नहीं दिया. प्रधानमंत्री की मां के प्रति श्रद्धा और आदर होना चाहिए ,लेकिन राहुल गांधी के मंच पर उनकी मां का उपहास उड़ाया जा रहा है. उनके इस बयान से उनकी सोच और गरिमा, पूरे देश के सामने बेनकाब हो गई है.
वहीं एनएसए अजीत डोभाल को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अजीत डोभाल ने देश को पूरी दुनिया में मजबूत करने का काम किया है. उन्होंने देश की सीमाओं को ताकत देने का काम किया है. अजीत डोभाल उत्तराखंड के लाल हैं. राहुल गांधी का उनको लेकर दिया गया बयान निंदनीय है. राहुल गांधी की आदत सेना और सेना से जुड़े लोगों का अपमान करना है.
उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर तक भी सवाल उठाए. उन्हें लगता है कि पूरे देश की सत्ता पर राहुल गांधी का अधिकार और एक साधारण परिवार से आने वाले प्रधानमंत्री बनकर देश चला रहे हैं, यह बात उनके गले नहीं उतर रही है. राहुल गांधी अपने हिसाब से देश और देश की संसद को चलाना चाहते हैं. उन्होंने अजीत डोभाल का अपमान करके निम्नता की पराकाष्ठा को पर कर दिया है. दरअसल अभी हाल ही में एक छात्रों से जुड़े कार्यक्रम में पीएम मोदी की माता और एनएसए अजीत डोभाल को लेकर टिप्पणी को लेकर वो भाजपा के निशाने पर आ गए हैं.