DehardunNaitionalNationalNewsbeatआपका शहरउत्तराखंडखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरताज़ा ख़बरेंन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

मसूरी में सफाई कर्मी की संदिग्ध मौत से सनसनी, दोस्त पर हत्या का आरोप, पड़ताल में जुटी पुलिस

खबर को सुने

मसूरी में सफाई कर्मी की मौत के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है.

मसूरी: नगर पालिका के सफाई कर्मी 28 वर्षीय सतीश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. बीती रात उसकी मौत की सूचना पुलिस को 112 के माध्यम से मिली थी. सूचना देने वाले ने आरोप लगाया कि सतीश की उसके दोस्त ने हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया. लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से सतीश की मौत होने की आशंका सामने आई है. पहली सूचना में हत्या का आरोप और घटनास्थल से मिले शुरुआती तथ्यों में वाहन की टक्कर की आशंका ने मामले को उलझा दिया है. पुलिस ने मृतक के साथ मौजूद दोस्त सरजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

घटना की सूचना पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह भाटी, रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रजनीश सैनी और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. मृतक की पहचान सतीश पुत्र जगदीश, निवासी पिक्चर पैलेस, मसूरी के रूप में हुई है. शराब के नशे में थे दोनों, तीसरे व्यक्ति से बहस हुई थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सतीश अपने परिचित सरजीत, निवासी आईटीएम लंढौर के साथ पिकअप वाहन में कहीं से आ रहा था. बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों शराब के नशे में थे.

बीती शाम दोनों सिविल अस्पताल, सिपलिंग स्टेट के पास पहुंचे, जहां किसी अन्य व्यक्ति के साथ उनकी कहासुनी हो गई. इसके बाद दोनों वाहन से उतरकर पैदल पिकअप के पीछे की ओर चले गए. कुछ देर बाद दोनों वापस लौटे. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, इसके बाद सरजीत पिकअप लेकर आगे गया और कुछ समय बाद वापस लौटा. वापसी के दौरान वाहन की रफ्तार तेज बताई जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी थी. कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है. मामला हत्या है या हादसा, इसको लेकर कई आशंकाएं हैं, इसलिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
-शेखर सुयाल,एसपी सिटी-

इसी दौरान सड़क किनारे खड़े सतीश को कथित तौर पर पिकअप का किनारा लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने उसे लंढौर कम्युनिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि पुलिस को मिली पहली सूचना में दोस्त पर हत्या का आरोप क्यों लगाया गया, जबकि शुरुआती जांच में वाहन की टक्कर से मौत होने की आशंका सामने आई है.

क्या सतीश की मौत महज दुर्घटना थी या घटनाक्रम के पीछे कोई अन्य विवाद और आपराधिक वजह भी है? पुलिस इन सभी बिंदुओं की पड़ताल कर रही है. साथ मौजूद सरजीत की भूमिका, तीसरे व्यक्ति से हुई कहासुनी और घटनास्थल की परिस्थितियों को भी जांच में शामिल किया गया है. पुलिस ने सरजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मौत के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. सीओ जगदीश पंत ने भी बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.

 

Related Articles

Back to top button